बुंदेलखंड में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर उप्र विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाएगी कांग्रेस: आराधना

उत्तर प्रदेश झांसी
Spread the love

झांसी (उप्र) 18 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी बुंदेलखंड क्षेत्र में पुराने और नए कार्यकर्ताओं को एकजुट कर उनमें नया उत्साह भरेगी और प्रदेश में राजनीतिक बदलाव के लिए रणनीति तैयार करेगी।

मिश्रा ने यहां आयोजित मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष ध्यान देगी।प्रदेश में धार्मिक प्रवचनों और भागवत कथाओं के आयोजनों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का धर्म के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने का फार्मूला अब पुराना पड़ चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने धर्म और भगवान राम के नाम का इस्तेमाल राजनीतिक और व्यावसायिक फायदे के लिए किया लेकिन अब जनता उसकी रणनीति समझ चुकी है।

मिश्रा ने कहा कि आस्था के नाम पर वोट मांगने का दौर समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति नहीं करती क्योंकि ये व्यक्तिगत विषय हैं और इन्हें राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए।

सम्मेलन में मौजूद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने केवल वोटों की ही नहीं, बल्कि सांसदों, विधायकों और चंदे की भी चोरी की है।

जनता के भाजपा सरकार की नीतियों और कामकाज से असंतुष्ट होने का दावा करते हुए गौतम ने लोगों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।

उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की वापसी नहीं होने का दावा करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन पूरी ताकत के साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और प्रदेश में अगली सरकार बनाएगा।