यौन उत्पीड़न मामला : नाबालिग पीड़िता ने पहचान परेड में ग्रेनाइट कारोबारी वीरमणि की पहचान की

राष्ट्रीय
Spread the love

चेन्नई: दो नवंबर (ए) तमिलनाडु के चेन्नई स्थित पुझल केंद्रीय कारागार में आयोजित कराई गई पहचान परेड में कथित यौन उत्पीड़न की नाबालिग पीड़िता ने मुख्य आरोपी के तौर पर ग्रेनाइट कारोबारी आर वीरमणि की पहचान की है। पुलिस ने यह जानकारी थी ।

पुलिस के मुताबिक वीरमणि पर पहले से ही आठ मामले दर्ज हैं, वह उन आठ लोगों में शामिल है जिन्हें ग्रेटर चेन्नई पुलिस के ‘एंटी-वाइस स्क्वॉड’ ने नाबालिगों के यौन उत्पीड़न के कई मामलों में गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा सोमवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अन्य संदिग्धों की पहचान शांति, महेंद्रसिम्हन, लासर, गणेशन, बाबू, पार्थिबन और शक्तिवेल के रूप में हुई है और अदालत ने इन सभी को विधिक कार्यवाही के बाद पुझल कारागार भेज दिया।

दर्ज किए गए आठ मामलों में से तीन में वीरमणि की, और एक मामले में शांति, महेंद्रसिम्हन तथा लासर की औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक जांच के तहत पुलिस ने कोलाथुर में गणेशन के आवास और नीलांकरई में शांति द्वारा संचालित नृत्य प्रशिक्षण स्कूल पर छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान कई महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए गए।

पुलिस ने बताया कि संदिग्धों को देश से भागने से रोकने के लिए, वीरमणि के मामलों से जुड़े आरोपियों के खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ नोटिस जारी किए गए हैं।

विज्ञप्ति के मुताबिक प्रकाश नाम के एक व्यक्ति का पासपोर्ट जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है। आरोप है कि उसने विदेश भागने से पहले वीरमणि को उसके अपराध छिपाने में मदद की थी। फिलहाल उसे वापस भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।