नयी दिल्ली, दो नवंबर (ए) बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने सोमवार को एक मीडिया संस्थान पर उनके बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनके पांच करोड़ फॉलोअर में से 10 प्रतिशत लोग उन्हें ‘ठोकने’ के लिए काफी हैं और वे केवल उनके इशारे का इंतजार कर रहे हैं।
अमिताभ बच्चन को आमतौर इस तरह की घटनाओं पर उनके संयम बरतने के लिए जाना जाता है।
अमिताभ ने कहा कि 29 अक्टूबर को उनका पोस्ट केवल भगवान कृष्ण के स्मरण और स्तुति के लिए था।
उन्होंने उस दिन सोशल मीडिया पर कहा था, “आ जाओ मैदान में, हम भी… हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की।”
हालांकि, संबंधित मीडिया संस्थान ने उनकी बात को इस तरह पेश किया कि अमिताभ बच्चन अपने विरोधियों को चुनौती दे रहे हैं।
अमिताभ ने इस पर नाराजगी जताते हुए जवाब दिया, “कृष्ण कन्हैया के लिए, प्रार्थना स्वरूप, अक्सर उचारण करते है, ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और मीडिया उसका निरादर करके, अपना प्रचार करने के लिए, छापता है।”
उन्होंने कहा, “एक तो घोर निंदा एक ‘जय श्री कृष्ण’ के उपलक्ष्य में और दूसरा , शब्दों को पलट कर विरोधियों को चुनौती देने की बात कर रहे हैं।”अमिताभ ने कहा, “कान खोल के सुन लो, मीडिया वालों! पांच करोड़ की आबादी है हमारे फॉलोअर्स की मीडिया वालों। जिस दिन हमने इशारा किया, तो उनमें से केवल 10 प्रतिशत ही काफी होंगे, ठोकने के लिए तैयार बैठें हैं।”
उन्होंने कहा, “तुम जितनी हमारे शब्दों की उलट पलट करके निंदा करोगे, उससे 100 गुना ज्यादा करने की क्षमता हमारे प्रशंसकों के पास पड़ी है। बस बोलने की देरी है।”
अमिताभ ने शीर्षक को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा, “देखिए, मीडिया क्या छापता है। क्या आपने धर्म का अपमान देखा?”
उन्होंने अपने लंबी पोस्ट में कहा, “इससे ज्यादा हास्यास्पद कुछ नहीं हो सकता… अगर हमसे कोई गलती होती है तो हम तुरंत माफी मांगते हैं और उसे सुधारने की कोशिश करते हैं। गलतियां हो जाती हैं, लेकिन यहां ऐसा लगता है जैसे यह उनका (मीडिया का) जन्मसिद्ध अधिकार है।”
अमिताभ के ‘एक्स’ पर 4.47 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 3.62 करोड़ फॉलोअर हैं।
अभिनेता हर रविवार मुंबई स्थित अपने आवास के बाहर जुटने वाले प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए ‘संडे दर्शन’ कार्यक्रम में शामिल होते हैं।
वह इस रविवार भी प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए अपने घर से बाहर आए, हालांकि इस बार उन्होंने बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से उनका अभिवादन किया।
सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त इंतजाम 23 अक्टूबर को मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल के बाद किए गए।
इस ईमेल में अमिताभ बच्चन के आवास और गायक दिलजीत दोसांझ के संगीत कार्यक्रम के मुंबई स्थित आयोजन स्थल पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।
