राजपुरा (पंजाब): 26 जून (ए)
) पंजाब में पटियाला जिले के राजपुरा कस्बे में शुक्रवार को दो नकाबपोश बदमाशों ने कथित तौर पर एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर गोलीबारी की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना राजपुरा-पटियाला मार्ग पर अंडरब्रिज के पास स्थित लक्ष्मी प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में हुई.पुलिस के अनुसार, हमलावर एक स्कूटर पर आए और मौके से फरार होने से पहले करीब आठ गोलियां चलाईं।
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों में से एक कार्यालय के भीतर गया और वहां मौजूद लोगों से मालिक रमेश पाहूजा के बारे में पूछा।
जब कार्यालय में मौजूद एक महिला कर्मचारी ने बताया कि पाहूजा वहां मौजूद नहीं हैं तो आरोपी ने कथित तौर पर रिवॉल्वर निकालकर गोलीबारी शुरू कर दी और बाद में अपने साथी के साथ फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुरा सिटी के थाना प्रभारी (एसएचओ) गुरसेवक सिंह, पटियाला थाना प्रभारी प्रदीप बाजवा तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस दलों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।
गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं