इटावा में चुनावी रंजिश में मारी गोली, शिवपाल के करीबी दो गिरफ्तार

इटावा उत्तर प्रदेश
Spread the love


इटावा, 14 अप्रैल (ए)। यूपी के इटावा जिले के सैफई इलाके में ग्राम पंचायत कुइया में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच चल रही रंजिश में एक पक्ष के युवक को मंगलवार शाम गोली मार दी गई। घायल युवक को सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के करीबी प्रधान पद के प्रत्याशी समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवक के जीजा प्रत्याशी हैं और वह प्रचार करने फिरोजाबाद से आया है। जानकारी के अनुसार नगला लाले निवासी राहुल यादव प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। उनके साथ में फिरोजाबाद के रहने वाले साले अंशुल यादव प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि अंशुल मंगलवार रात करीब 10 बजे कोल्डड्रिंक लेने जा रहा था तभी उसके ऊपर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की गई। वह घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सैफई अस्पताल में भर्ती कराया। राहुल यादव ने प्रधान पद के उम्मीदवार अखिलेश यादव उर्फ चंदगीराम नगला बिहारी, होशियार सिंह निवासी नगला तेज समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बुधवार दोपहर में खेतों में छिपे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, आरोपित पक्ष के परिजनों ने थाने पहुंचकर फर्जी फंसाने का आरोप लगाया है।