भारत सीमा पर स्थिति स्थिर : चीनी सेना

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

बीजिंग: 26 नवंबर (ए) चीनी सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत-चीन सीमा पर स्थिति आम तौर पर स्थिर है तथा शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए बनी सहमति को लागू करने के मकसद से दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य माध्यमों से बातचीत करते हैं। अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा के पास चीनी सैनिकों के आक्रामक रुख की खबरों के बीच, इस महीने हुई उच्च-स्तरीय सैन्य वार्ता के बारे में पूछे जाने पर चीन के रक्षा प्रवक्ता सीनियर कर्नल चेन शी ने कहा कि दोनों पक्ष राजनयिक और सैन्य माध्यमों से संपर्क बनाए हुए हैं।

उन्होंने यहां अपनी मासिक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘फिलहाल, चीन और भारत के बीच सीमावर्ती इलाकों में स्थिति आम तौर पर स्थिर है।’’

उन्होंने संक्षिप्त उत्तर में कहा, ‘‘चीन और भारत राजनयिक एवं सैन्य माध्यमों (जैसे जनरल-स्तरीय बैठक) से बातचीत कर रहे हैं। दोनों पक्ष आपसी सहमति को लागू करने और सीमावर्ती इलाकों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।’

सीनियर कर्नल चेन शी ने अरुणाचल प्रदेश पर चीन का रुख दोहराते हुए दावा किया कि यह चीनी क्षेत्र है। चीन अरुणाचल प्रदेश को ‘जंगनन’ कहता है और इसे दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता है।

उन्होंने कहा, ‘‘जंगनन क्षेत्र चीन का हिस्सा है। चीन, भारत द्वारा अवैध रूप से स्थापित तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता।’’

अरुणाचल प्रदेश, खासकर ऊपरी सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों के आक्रामक रुख पर चर्चा के लिए दोनों पक्षों के शीर्ष जनरलों के बीच हुई बातचीत कई दिनों तक चली थी।

सितंबर में भी, अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में दोनों सेनाओं के वरिष्ठ कमांडरों के बीच ध्वज बैठक हुई थी।

भारत और जापान के बीच हाल ही में हुई ‘टू प्लस टू’ वार्ता के बारे में पूछे गए एक अन्य सवाल पर सीनियर कर्नल चेन ने कहा कि जापान फिर से सैन्यीकरण को तेज कर रहा है और वहां नया सैन्यवाद बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसे लेकर सतर्क रहना चाहिए और इसके खिलाफ कड़े कदम उठाने चाहिए।’

भारत और जापान कई प्रमुख क्षेत्रों में रक्षा सहयोग को बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।