प्रयागराज: 26 नवंबर (ए) इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करते समय हलफनामे में गलत जानकारी देने के मामले में बिजनौर की नहटौर (आरक्षित) सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ओम कुमार का निर्वाचन बृहस्पतिवार को रद्द कर दिया।
इस सीट पर 14 फरवरी, 2022 को चुनाव हुए थे और परिणाम 10 मार्च, 2022 को घोषित किए गए थे। मुंशी राम नामक एक व्यक्ति द्वारा दायर चुनाव याचिका आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय ने हालांकि इस आदेश के क्रियान्वयन पर 15 दिन की रोक लगा दी।
अदालत ने कहा, “यह निर्देश दिया जाता है कि आज से 15 दिन की अवधि के लिए प्रतिवादी ओम कुमार अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का प्रतिनिधित्व करने के पात्र रहेंगे और इस दौरान यदि कोई सत्र होता है तो वह चर्चा में भाग ले सकेंगे।”
अदालत ने कहा, “हालांकि वह सदन में या विधानसभा की किसी समिति में मतदान करने के पात्र नहीं होंगे। वह विधानसभा के सदस्य के तौर पर कोई मौद्रिक लाभ पाने के भी हकदार नहीं होंगे।”
