मप्र: सपा ने खजुराहो से मनोज यादव को उम्मीदवार बनाया

भोपाल मध्य प्रदेश
Spread the love

भोपाल: 30 मार्च (ए)समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को मध्य प्रदेश के खजुराहो लोकसभा सीट से मनोज यादव को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की। इस सीट पर उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा सांसद एवं पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा से होगा।

विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल सपा को मध्य प्रदेश में कांग्रेस के साथ सीट के तहत एकमात्र सीट खजुराहो मिली है।सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता यश भारतीय ने ‘ बताया, ‘‘मनोज यादव खजुराहो सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। वह उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद के रहने वाले हैं लेकिन मध्य प्रदेश में बस गए हैं।’’

यादव ने 2014 में विदिशा लोकसभा क्षेत्र से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें केवल 3,293 मत मिले थे।

भारतीय ने कहा, ‘‘शुरुआत में उन्हें 2023 के चुनावों में बिजावर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया था, लेकिन उनकी उम्मीदवारी वापस ले ली गई क्योंकि पार्टी ने पूर्व विधायक रेखा यादव को मैदान में उतारने का फैसला किया।’’

भाजपा ने अपने प्रदेश पार्टी अध्यक्ष और लोकसभा सदस्य शर्मा को लगातार दूसरी बार खजुराहो से मैदान में उतारा है।

भाजपा 2004 से ही खजुराहो सीट पर जीत दर्ज कर रही है। पार्टी की तेज-तर्रार नेता उमा भारती ने 1989 और 1998 के बीच चार बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी 1999 में खजुराहो से चुने गए, जबकि 2004 में भाजपा के राम कृष्ण कुसुमरिया ने जीत हासिल की। तब से यह भाजपा का गढ़ बना हुआ है।

मध्य प्रदेश की 29 सीट में से कांग्रेस 28 पर चुनाव लड़ रही है और उसने खंडवा, ग्वालियर और मुरैना को छोड़कर 25 सीट पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।