तिपहिया वाहन में किशोरी के साथ बलात्कार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 11 जून (ए) उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक सुनसान जगह पर तिपहिया वाहन में 13 वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।.

पुलिस ने बताया कि टैम्पो चालक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।.

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने स्कूल के स्तर पर ही पढ़ाई छोड़ दी थी और वह तिपहिया वाहन (ऑटो) चलाता है। उसने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी आयु सत्यापित जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बलात्कार की यह घटना आठ जून को शाम करीब साढ़े सात बजे हुई थी। उसने बताया कि पीड़िता अपनी सहेली के साथ पैदल घर जा रही थी, जिस दौरान वे दोनों आरोपी के वाहन में सवार हुई थीं।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की सहेली आरोपी से परिचित थी।

उसने बताया कि आरोपी, पीड़िता की सहेली को उसके घर छोड़ने के बाद उसे शक्ति एन्क्लेव के अजीत विहार में एक सुनसान जगह पर ले गया और वहां वाहन के अंदर उसके (पीड़िता के) साथ बलात्कार किया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी), तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि किशोरी की ‘काउंसलिंग’ की जा रही है और उसकी मेडिकल जांच भी की गई है।

पुलिस ने बताया कि वाहन को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।