मोरक्को के संसदीय चुनाव में ‘ऑथेंटिसिटी एंड मॉडर्निटी पार्टी’ ने सर्वाधिक सीट जीतीं

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

कासाब्लांका: 26 सितंबर (एपी) मोरक्को के संसदीय चुनाव में ‘ऑथेंटिसिटी एंड मॉडर्निटी पार्टी’ प्रतिनिधि सभा की 395 में से 97 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। मोरक्को के गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को घोषित अंतिम नतीजों में यह जानकारी दी।

फ्रांसीसी संक्षिप्त नाम ‘पीएएम’ से पहचानी जाने वाली इस पार्टी की स्थापना शाह मोहम्मद षष्ठम के करीबी एक शाही सलाहकार ने की थी। पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर सकी और सरकार बनाने के लिए उसे अन्य दलों के साथ गठबंधन करना होगा।

यह चुनाव युवाओं में बढ़ती नाराजगी, अर्थव्यवस्था में तेजी के बावजूद बेरोजगारी की समस्या तथा बेहतर विद्यालयों, अस्पतालों और आवास की मांग जैसे मुद्दों की पृष्ठभूमि में हुआ।

मोरक्को 2030 फुटबॉल विश्व कप की सह-मेजबानी की तैयारी कर रहा है और अगली सरकार इस संबंध में अरबों डॉलर के निवेश की निगरानी करेगी। इसी वजह से कुछ लोग इसे ‘‘विश्व कप सरकार’’ भी कह रहे हैं। नयी सरकार पर रोजगार, वेतन और जीवन-यापन की लागत जैसे रोजमर्रा के मुद्दों से निपटने का भी दबाव रहेगा।

पीएएम के कुछ वरिष्ठ सदस्यों पर मादक पदार्थ और सोने की तस्करी के आरोप लगने के बावजूद पार्टी राजनीतिक नुकसान से उबरने में सफल रही और उसने पिछले चुनाव के मुकाबले अधिक सीट जीतीं।

निवर्तमान सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल ‘नेशनल रैली ऑफ इंडिपेंडेंट्स’ (आरएनआई) को भारी नुकसान हुआ और उसने 66 सीट जीतीं। वहीं, इस्लामी दल ‘जस्टिस एंड डेवलपमेंट पार्टी’ (पीजेडी) ने इस बार 54 सीट जीतीं। उसे 2021 में केवल 13 सीट मिली थीं।

पीएएम पहले ही कह चुकी है कि वह आरएनआई के साथ गठबंधन नहीं करेगी। बहुमत जुटाने के लिए पीएएम द्वारा 65 सीट के साथ तीसरे स्थान पर रही इस्तिकलाल पार्टी और अन्य दलों के साथ गठजोड़ किए जाने की संभावना है। पीएएम और पीजेडी के बीच पुरानी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण इन दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावना भी कम मानी जा रही है।