नयी दिल्ली: 14 अगस्त (ए) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन देश को ‘विकसित भारत’ के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति के विचार ‘‘हमारे राष्ट्र की ताकत और प्रत्येक भारतीय की आकांक्षाओं को दर्शाते हैं।’’
मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति का संबोधन प्रेरणादायक और विचारोत्तेजक था।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनका संदेश हम सभी को ‘विकसित भारत’ के लिए नए संकल्प के साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है।’’
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र ‘‘भारत के भविष्य के निर्माता हैं।’’ उन्होंने कहा कि सरकार सार्वजनिक परीक्षाओं में सुधार के लिए व्यापक कदम उठा रही है, ताकि पेपर लीक और अनुचित साधनों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके तथा परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जा सके।
राष्ट्रपति ने जोर दिया कि जिस तरह सरकार और समाज राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एकजुट रहते हैं, उसी तरह छात्रों के वर्तमान और भविष्य की सुरक्षा के लिए भी सभी को मिलकर और समन्वित प्रयासों के साथ योगदान देना चाहिए।
