शादी में हुआ जमकर बवाल! वजह बनी कार,दूल्हा हुआ फरार,फिर–

उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद
Spread the love


फिरोजाबाद,08 मई (ए) । यूपी के फिरोजाबाद में शादी में इको वैन न मिलने पर दूल्हे ने द्वारचार के दौरान हंगामा शुरू कर दिया। मैरिज होम में लड़की पक्ष के लोगों से दूसरे पक्ष ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक के घायल होने पर दूल्हा अपने साथियों के साथ फरार हो गया। दूल्हा के गायब होने से शादी की रस्में रुक गईं। जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। लड़की पक्ष को पूरा खर्चा देने की बात कहने पर मुकदमा दर्ज नहीं कराया। दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
थाना जसराना के गांव स्यौंडा में निरोत्तम सिंह की बेटी निर्मला (20) की शादी थाना शिकोहाबाद के गांव इंदुमई निवासी राजपाल के सिंह पुत्र नीतेश (24) के साथ तय की थी। नीतेश बारात लेकर रविवार को सुरेंद्र सिंह वर्मा मैरिज होम निकट लोक राष्ट्रीय इंटर कालेज में पहुंचा था। बारात की रस्में चल रही थीं। लग्न टीका का कार्यक्रम होने के बाद बाराती और दूल्हा मैरिज होम के गेट पर पहुंचे तो द्वारचार की रस्में शुरू हो गईं। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हा नीतेश और उसके परिजनों ने निर्मला के परिवार वालों से पूछा कि शादी में मिलने वाली ईको गाड़ी दिखाई नहीं दे रही है।

नई इको वैन मैरिज होम में होनी चाहिए। इस पर निर्मला के परिवार के लोग जवाब नहीं दे पाए। इस पर दूल्हे और उसके परिजनों ने निर्मला के परिजनों से अभद्रता शुरू कर दी। गाली गलौज होने पर निर्मला के परिजनों और रिश्तेदारों ने विरोध किया। इसी बीच दूल्हा नीतेश और उसके साथियों ने मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट में दूल्हन पक्ष का महेंद्र पुत्र शैतान सिंह निवासी नगला शादी थाना जसराना घायल हो गया। मारपीट और युवक के घायल होने से मामला बिगड़ गया। इसी बीच मौका पाकर दूल्हा और उसके साथी मैरिज होम से फरार हो गए। दूल्हा और उसके साथियों के भागने पर बारात में हड़कंप मच गया। बारात की रस्में रुक गईं। दूल्हा को फोन किया लेकिन वह लौटकर नहीं आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। दूल्हा के पिता राजपाल और उसके परिजनों के साथ दुल्हन पक्ष की वार्ता हुई। सोमवार की दोपहर तक दूल्हा वापस नहीं आने पर दुल्हन पक्ष अब कार्रवाई के मूड़ में आ गया। मामले में पुलिस लड़की पक्ष की तहरीर देने से पहले ही दुल्हन पक्ष के शादी में हुए खर्चे के लाखों रुपये देने की बात दूल्हा पक्ष ने कही तब जाकर समझौता हो गया । बारात बिना दुल्हन के वापस चली  गई ।