ट्रंप अपने सोशल मीडिया पोस्ट से ‘तेज पहुंच’ के जरिये मुनाफा कमाने की तैयारी में

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

न्यूयॉर्क: एक अगस्त (ए)) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जानते हैं कि पूरी दुनिया उनके हर एक शब्द पर नजर रखती है, इसलिए अब वह चाहते हैं कि आप इसके लिए भुगतान करें।

दुनिया के सबसे शक्तिशाली व्यक्ति के सोशल मीडिया पोस्ट शनिवार से बिक्री के लिए उपलब्ध हो रहे हैं। उनका सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ शेयर बाजार वॉल स्ट्रीट के उन ट्रेडर्स को इनकी पूर्व झलक देना शुरू कर रहा है, जो भुगतान करने के लिए तैयार हैं।

इस कदम से ट्रंप की कंपनी को भारी मुनाफा हो सकता है, हालांकि इससे भेदिया कारोबार तथा निजी लाभ के लिए सार्वजनिक पद का उपयोग करने को लेकर बड़े सवाल खड़े होते हैं।

इसी तरह के तेज पहुंच वाले फीड दूसरे सोशल मीडिया कंपनियों और मीडिया घरानों द्वारा बेचे जाते हैं, लेकिन ट्रुथ सोशल केवल समाचार प्रसारित नहीं करता, बल्कि यह समाचार बनाता है। ट्रंप द्वारा युद्ध से लेकर केंद्रीय बैंक के नेतृत्व और शुल्क तक हर चीज पर नीतिगत बदलाव वाले पोस्ट किए जाने से बाजार अक्सर हिल जाते हैं।

एबल अल्फा ट्रेडिंग की प्रमुख आइरीन एल्ड्रिज, जो इस सेवा को खरीदने की योजना नहीं बना रही हैं, ने कहा, ”यदि वह किसी सार्वजनिक कंपनी का सीईओ होते, तो उन्हें जेल की सजा होती।” उन्होंने कहा, ”अमेरिकी राष्ट्रपति की हर गतिविधि पर सीधी नजर रहती है, जो सभी निर्णय लेते हैं, और वह एक चुनिंदा समूह को इसे समय से पहले बता रहे हैं।”

दूसरी ओर ट्रंप की कंपनी का कहना है कि आलोचक पर्याप्त पूंजीवादी नहीं हैं। जब नयी सेवा के औचित्य के बारे में पूछा गया और क्या व्हाइट हाउस के वकीलों ने इसकी जांच की थी, तो ट्रंप के प्रेस कार्यालय ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ट्रंप की कंपनी ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ने एक बयान जारी कर आलोचकों पर मुक्त बाजारों के वैचारिक विरोध या सार्वजनिक और गैर-सार्वजनिक जानकारी के बीच अंतर को समझने में विफलता का आरोप लगाया।