शेनझेन: 19 नवंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को चीन के अपने समकक्ष शी चिनफिंग और रूस के व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक की, जो एक घंटे से अधिक समय तक चली।
ट्रंप की शी और पुतिन के साथ इस तरह की पहली त्रिपक्षीय बैठक को एक ऐसे अवसर के तौर पर देखा जा रहा, जब परमाणु हथियारों को नियंत्रित करने के नियम तय करने तथा यूक्रेन और ईरान में जारी युद्धों को सुलझाने की शुरुआत की जा सके।ट्रंप ने कहा, ‘‘हम सचमुच इतिहास रच रहे हैं। अमेरिका, रूस और चीन ऐसी स्थिति में हैं कि वे इस बात पर चर्चा कर सकें कि धरती पर परमाणु हथियारों की संख्या कैसे घटाई जाए और इन हथियारों के इस्तेमाल का खतरा कैसे कम किया जाए।’’
त्रिपक्षीय बैठक की शुरुआत में शी ने कहा, ‘‘हम विश्व शांति को बढ़ावा देने के विषय पर चर्चा करेंगे।’’सरकारी प्रसारणकर्ता सीसीटीवी के अनुसार, शी ने अपने समकक्षों से कहा कि वह चाहते हैं कि परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और उन्हें नष्ट कर देना चाहिए।
उन्होंने एक ऐसी दुनिया बनाने का आह्वान किया, जो परमाणु हथियारों से मुक्त हो।पुतिन ने रूस, चीन और अमेरिका के उस साझा इतिहास का जिक्र किया, जब वे ‘‘द्वितीय विश्व युद्ध में विजेता’’ रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने की हमारी संयुक्त जिम्मेदारी है।’’
रूस और अमेरिका के बीच परमाणु हथियारों का आखिरी समझौता, जिसे ‘न्यू स्टार्ट’ के नाम से जाना जाता है, फरवरी में खत्म हो गया।ट्रंप का कहना है कि वह एक ‘‘नया, बेहतर और आधुनिक’’ समझौता चाहते हैं, जिसमें चीन भी शामिल हो, लेकिन चीन के पास इन शर्तों को स्वीकार करने का कोई खास कारण नहीं है, क्योंकि उसके पास करीब 600 ही परमाणु हथियार हैं, जो अमेरिका और रूस के पास मौजूद 5,000 से अधिक परमाणु हथियारों की संख्या की तुलना में बहुत कम हैं।ट्रंप ने कहा, ‘‘जब आपके पास परमाणु हथियार आ जाते हैं, तो उन्हें छोड़ पाना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए, इन्हें त्याग देना कोई आसान काम नहीं है।’’
बृहस्पतिवार दोपहर त्रिपक्षीय बैठक शुरू होने से पहले ट्रंप ने शी और पुतिन के साथ अलग-अलग बैठक भी की।
