प्रयागराज: तीन नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के म्योराबाद क्षेत्र में नसबंदी के लिए आवारा कुत्तों को पकड़ने गई नगर निगम की टीम के साथ अभद्रता करने, कर्मचारियों को बंधक बनाने और पकड़े गए नौ कुत्तों को जबरन ले जाने के आरोप में सात नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मंगलवार को करेली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग में नायब मोहर्रिर विकास सारस्वत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जनशिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम सोमवार को आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी करने के लिए म्योराबाद गई थी। इसी दौरान वंशिका, पूनम डिसूजा, गोलू खान, आकांक्षा मिश्रा, मोहम्मद जीशान, आयशा और 10-15 अज्ञात लोगों ने टीम के काम में बाधा डालनी शुरू कर दी।
