UPSSSC PET : शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ यूपी पीईटी का पेपर

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ, 15 अक्टूबर (ए)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा ( पीईटी ) यूपी में विभिन्न केंद्रों पर पहले दिन शनिवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जल्दी ही इसकी आंसर-की जारी होगी। परीक्षा के चलते ट्रेनों और बसों में भारी भीड़ नजर आई। अन्य जिलों में परीक्षा केंद्र पड़ने के चलते हजारों परीक्षार्थियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू होनी थी और आधे घंटे पहले यानी 9.30 बजे तक एंट्री दी जानी थी। लेकिन बहुत से परीक्षार्थी सुबह 6-7 बजे ही एग्जाम सेंटर पहुंच गए। केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। प्रवेश पत्र आदि चेक किए गए। चेकिंग के चलते केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतार लगी रही। पहली शिफ्ट की परीक्षा 10 बजे से 12 तक हुई। पीईटी परीक्षा देने के बाद केंद्र से निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य ज्ञान और रीजनिंग के प्रश्न औसत थे लेकिन गणित के प्रश्नों ने उलझाया। 
100 नंबर के प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यस्था, भारतीय संविधान, अंकगणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तर्क एवं तर्कशक्ति आदि विषयों से प्रश्न पूछे गए थे। कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें ग्राफ वगैरह के प्रश्न हल करने में थोड़ी मुश्किल हुई। इसमें समय भी अधिक लगा। राजकीय कन्या इंटर कालेज सीतापुर एवम आर एम पी पी जी कॉलेज सीतापुर के कुछ परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित को छोड़कर अन्य विषयों के प्रश्न सामान्य स्तर के थे। एक अभ्यर्थी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पेपर अच्छा आया था। इस बार कटऑफ 76 से ऊपर जा सकती है। 
लखनऊ के परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले  पहली शिफ्ट के ज्यादातर परीक्षार्थियों ने कहा कि उन्होंने 85-90 प्रश्न हल किए हैं। उम्मीदवारों के अनुसार जीएस व करंट अफेयर्स के प्रश्न काफी आसान थे। लखनऊ के एक परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अजय यादव ने ने कहा कि पेपर सामान्य रहा। हिन्दी व सामान्य ज्ञान के प्रश्न आसान रहे। रीजनिंग में समय लगा।
प्रयागराज में परीक्षा शिफ्ट की पीईटी देने वाले मुकेश शर्मा ने कहा कि संविधान से सम्बन्धित प्रश्न पूछे गए थे।  हिन्दी और रीजनिंग के सामान्य प्रश्न पूछे गए। अभिषेक चौहान  नाम के अभ्यर्थी ने कहा कि सामान्य ज्ञान और हिंदी के प्रश्न ठीक थे। ग्राफ से जुड़े प्रश्न कुछ मुश्किल लगे। अमरोहा में पीईटी देने वाले अमित यादव ने बताया कि गणित के सवालों ने परेशान किया। सामान्य ज्ञान में करंट अफेयर्स से सम्बंधित प्रश्न कम थे।
कल या परसों आयोग प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2022 के क्वेश्चन पेपर जारी कर सकता है। इसके बाद अगले सप्ताह की शुरुआत में आंसर-की जारी हो सकती है।