विजय मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ, 23 नए सदस्य शामिल किए गए

राष्ट्रीय
Spread the love

चेन्नई: 21 मई (ए)) तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार, सरकार बनने के करीब दो सप्ताह बाद बृहस्पतिवार को किया गया। मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय नीत सरकार में कांग्रेस के दो विधायकों सहित 23 नए सदस्यों को शामिल किया गया।

शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे से लोक भवन में शुरू हुआ, जहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मंत्री पद के लिए चुने गए टीवीके विधायक श्रीनाथ, एस. कमाली, सी. विजयलक्ष्मी और आर.वी. रंजितकुमार, कांग्रेस के एस. राजेश कुमार व पी. विश्वनाथन को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले लोक भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस के दो विधायक सहित कुल 23 विधायकों को शपथ दिलाई जानी है।

यह दशकों बाद तमिलनाडु सरकार में कांग्रेस की वापसी का संकेत है, क्योंकि द्रविड़ दलों द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने कभी अपने सहयोगी दलों को सत्ता में हिस्सेदारी नहीं दी। इनमें कांग्रेस भी शामिल है, जिसने अलग-अलग समय पर दोनों दलों के साथ गठबंधन किया था।

स्वतंत्र भारत की पहली गैर-कांग्रेस सरकार 1967 में द्रविड़ नेता एवं द्रमुक संस्थापक सी.एन. अन्नादुरई ने बनाई थी। उन्होंने तत्कालीन सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को कहा था कि कांग्रेस विधायक एस. राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन बृहस्पतिवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे।

टीवीके के शीर्ष नेता एवं लोक निर्माण तथा खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने बुधवार को कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) को सरकार में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री विजय ऐसा चाहते हैं।