मुजफ्फरनगर (उप्र): 18 सितंबर (ए) भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने चेतावनी दी है कि अगर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार किसानों की मांगें पूरी नहीं करती हैं तो वे आंदोलन शुरू करेंगे। इन मांगों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी देना और उत्तर प्रदेश में गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल करना शामिल है।
किसान नेता टिकैत बृहस्पतिवार रात मुजफ्फरनगर के जीआईसी ग्राउंड में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। यह महापंचायत पहली बार रात में आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि पंचायत ने मांग की है कि राज्य सरकार नए पेराई सत्र के लिए गन्ने का दाम 500 रुपये प्रति क्विंटल करे।
