शादी करने जा रहा दूल्हा जब रास्ते में कार से उतरकर भागा, तो बाराती भी हो गए फुर्र, जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश रामपुर
Spread the love


रामपुर, 24 फरवरी (ए)। यूपी के रामपुर से एक ऐसी खबर सामने आई जो चौकाने वाली है। यहां एक परिवार में शादी थी। लड़की वाले बारातियों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन दूल्हा और बारात समय से नहीं पहुंची। मामले की जब जानकारी की गई तो सभी हैरान रह गए। बताया जाता है कि दूल्हा घर से बारात लेकर निकल चुका था। इस बीच बारातियों के साथ दूल्हा रास्ते में कार से उतरा और भाग निकला। दूल्हे को भागता देखकर बाराती भी दुबक लिए। दरअसल तेज गति से आ रही दूल्हे की कार ने सड़क पार कर रहे मासूम बालक को जोरदार टक्कर मार दी थी। जिससे मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद डरा सहमा दूल्हा कार से उतरकर किसी के घर में जाकर छिप गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और कार को अपने कब्जे में ले लिया। कानूनी प्रक्रिया के चलते बारात देरी से पहुंची। मामला जब गांव में पहुंचा तो संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
मामला बुधवार की दोपहर तहसील क्षेत्र के गांव रसूलपुर फरीदपुर का है। यहां इसरार सलमानी की बेटी की बारात तहसील क्षेत्र के गांव जालफ नगला से आई थी। जैसे ही दूल्हे की तेज गति से आ रही कार ने गांव में प्रवेश किया। तभी गांव निवासी जाबुल हसन का पांच वर्षीय बेटा अली हसन सड़क पार करते हुए दूल्हे की कार की चपेट में आ गया। कार की टक्कर से मासूम बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक व दूल्हा घबरा गया और कार को मौके पर ही छोड़ कर गांव में खिसक लिया। ग्रामीणों द्वारा दोनों को काफी तलाश किया। लेकिन किसी घर में छुपे होने के कारण जानकारी नहीं हो सकी। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई ओर बालक के शव एवं दूल्हे की कार को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गए ओर गांव के ही संभ्रांत लोगों ने मामले में समझौता करा दिया। तब जाकर वर वधू पक्ष ने राहत की सांस ली। बाद में सभी शादी की रस्मे शुरू हुईं। दूल्हे की कार की टक्कर से हुई मासूम की मौत के बाद वधू पक्ष के लोगों में भी हड़कंप मच गया। जिससे चल रहा खाना आदि का कार्यक्रम रुक गया। वहीं दूल्हे के गायब हो जाने से वर पक्ष भी परेशान दिखाई दिया। दुर्घटना के कारण चार घन्टे निकाह में भी देरी हुई। दोनों पक्षों में समझौता हो जाने के कारण बाद में विवाह की रस्मे शुरू हुई ओर लोगों ने राहत की सांस ली।