पति की हत्या के आरोप में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश मुजफ्फर नगर
Spread the love

मुजफ्फरनगर: 12 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पति की हत्या करने के आरोप में पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) महादिक अक्षय संजय ने बताया कि मृतक की पहचान रागिब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान तबस्सुम और उसके प्रेमी शाहरुख के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि रागिब का शव आठ सितंबर को रतनपुरी थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव स्थित वन क्षेत्र में मिला था।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस को तबस्सुम और शाहरुख की कथित संलिप्तता का पता चला।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि तबस्सुम और शाहरुख ने रागिब को कथित तौर पर नींद की गोलियों की अधिक मात्रा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान तबस्सुम ने अपराध स्वीकार कर लिया। अधिकारी के मुताबिक, तबस्सुम का शाहरुख के साथ करीब एक साल से कथित प्रेम संबंध था और रागिब इसका विरोध करता था।

उन्होंने बताया कि इसी कारण दोनों ने मिलकर रागिब की हत्या की साजिश रची।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।