त्रिशूर: 21 जून (ए)
) केरल के त्रिशूर शहर में एक संदिग्ध देह व्यापार केंद्र में हुई झड़प में ओडिशा के एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ओडिशा के रायगड़ा जिले के डंगासिल निवासी दानपति नायक (27) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में उसके दो मित्र मक्कारा माझी (21) और त्रिनाथ माझी (23) भी घायल हुए हैं। ये दोनों भी ओडिशा के रहने वाले हैं। यह घटना 18 जून की रात त्रिशूर शहर के बीचोंबीच स्थित कोरापथ लेन के किराये के एक मकान में हुई थी।
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में दो पुरुषों और चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये सभी अन्य राज्यों के निवासी हैं और उनपर उक्त मकान से संदिग्ध देह व्यापार गिरोह संचालित करने का आरोप है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, नायक और उसके दोनों मित्र 18 जून की रात उस मकान में गए थे।
पुलिस ने बताया कि वहां से निकलते समय उन्होंने कथित तौर पर अपने पैसे वापस करने की मांग की, जिससे मकान में मौजूद लोगों के साथ उनका विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद हुई झड़प में मकान में मौजूद लोगों ने तीनों युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट की।
प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपियों में से एक ने नायक पर स्टील के कड़े से हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
अधिकारियों ने बताया कि नायक को उसके मित्र तत्काल त्रिशूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस को संदेह है कि यह देह व्यापार केंद्र मुख्य रूप से प्रवासी श्रमिकों को निशाना बनाता था।
जांचकर्ताओं ने बताया कि यह मकान करीब छह महीने पहले किराये पर लिया गया था और इसे कथित रूप से ओडिशा निवासी बिछू नायक संचालित कर रहा था, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस के अनुसार, मकान में ओडिशा, पश्चिम बंगाल और असम की महिलाएं रह रही थीं और वे कथित रूप से देह व्यापार गतिविधियों में संलिप्त थीं।
त्रिशूर पूर्व पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।