नोएडा के बैंक्विट हॉल में लिफ्ट गिरी, संचालक समेत तीन पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश गौतम बुद्ध नगर
Spread the love

नोएडा (उप्र): 31 जुलाई (ए) नोएडा के सेक्टर-51 स्थित एक बैंक्विट हॉल में बृहस्पतिवार रात आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई, जिससे अफरातफरी मच गई और उसमें सवार कई लोग फंस गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।घटना के संबंध में बैंक्विट हॉल के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक ग्राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा ‘पांचवां व्यापारी कल्याण दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन ‘वेडिंग विला’ बैंक्विट हॉल में किया गया था। गणमान्य लोगों की उपस्थिति को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल भी तैनात था।

कार्यक्रम के समापन के बाद कुछ लोग ऊपरी मंजिल से लिफ्ट के माध्यम से नीचे आ रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई और उसमें सवार कई लोग फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ‘इमरजेंसी’ चाबी से लिफ्ट खोलकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।

शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 चौकी प्रभारी आशु चौधरी की शिकायत पर वेडिंग विला बैंक्विट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा और प्रबंधक अश्विनी शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा-289 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं कराया गया था और न ही वहां ‘लिफ्टमैन’ की तैनाती की गई थी। पुलिस के अनुसार यह गंभीर लापरवाही थी, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। मामले की जांच जारी है।कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन ने बताया कि दुर्घटना के समय विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह सहित वरिष्ठ नेता कार्यक्रम से रवाना हो चुके थे। लिफ्ट में व्यापारी वर्ग के लोग और भाजपा के कुछ जिला स्तरीय नेता सवार थे।