उप्र नगर निकाय चुनाव : भाजपा ने महापौर पद की कई सीटों पर बढ़त बनायी

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ, 13 मई (ए) उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महापौर पद की कई सीटों पर बढ़त बना ली है।.

संबंधित जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, राजधानी लखनऊ में भाजपा की सुषमा खड़कवाल समाजवादी पार्टी (सपा) की वंदना मिश्रा से 530 मतों के अंतर से आगे हैं।.मथुरा में भाजपा के विनोद अग्रवाल दो दौर की गणना के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राजा मोहतसिम अहमद से 11,381 मतों से आगे हैं।

बरेली में पहले दौर की गणना के बाद भाजपा के उमेश गौतम निर्दलीय उम्मीदवार इकबाल सिंह तोमर से 4,200 मतों से आगे हैं।

नगरीय निकाय चुनाव में 11 मई को दूसरे चरण में 38 जिलों में 53 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जबकि चार मई को पहले चरण में राज्य के 37 जिलों में 52 प्रतिशत मतदान हुआ था।

शाहजहांपुर ने अपना पहला महापौर चुनने के लिए मतदान किया। मेरठ और अलीगढ़ में 2017 में बसपा के महापौर थे, जबकि बाकी सीटों पर भाजपा का कब्जा था।

उत्तर प्रदेश में महापौर का चुनाव आगरा, झांसी, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, सहारनपुर, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन नगर निगम में हुआ था।