एसआईआर के बाद विपक्ष के पैरों तले जमीन खिसक गई है : नितिन नवीन

राष्ट्रीय
Spread the love

पटना: 26 नवंबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष पर ‘अराजकता’ फैलाने और ‘लोकतंत्र पर हमला’ करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची ‘शुद्ध’ किए जाने से विपक्ष को एहसास हो गया है कि उसके पैरों तले जमीन खिसक चुकी है।

नवीन पटना में बिहार भाजपा की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राज्यसभा सदस्य नवीन ने एसआईआर के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा देशभर में किए गए विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख किया। इस प्रक्रिया के तहत करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की बात कही जा रही है।

नवीन ने आरोप लगाया, ‘‘मैं बताना चाहता हूं कि हटाए गए नामों में छह करोड़ ऐसे लोगों के थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। अन्य तीन करोड़ मतदाता उन स्थानों पर चले गए थे, जहां वे पहले मतदाता के रूप में पंजीकृत थे। बाकी लोगों के पास देश के नागरिक होने का कोई प्रमाण नहीं था। दूसरे शब्दों में, वे घुसपैठिये थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मतदाता सूची चुनावी लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है। क्या इसे भी शुद्ध नहीं किया जाना चाहिए, जैसे कारोबारी अपने खातों को दुरुस्त रखने के लिए उनमें सुधार करते हैं? अब जब निर्वाचन आयोग ने आवश्यक कदम उठाए हैं, तो इन लोगों को लग रहा है कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई है। इसलिए वे लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं।’’

नवीन ने विपक्ष पर ‘अराजकता की भाषा’ में विश्वास करने का आरोप लगाया और कहा कि उसे ‘दिमागी नक्सल’ कहा जाना उचित है, क्योंकि उसकी मानसिकता वामपंथी उग्रवादियों जैसी है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना भाजपा अध्यक्ष ने अदालत के फैसले पर राजनीतिक टिप्पणी करने पर भी आपत्ति जताई। यह टिप्पणी बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए के कहने पर लोगों को आपराधिक मामलों में फंसाने या बरी कराने के तेजस्वी के आरोपों के संदर्भ में थी।

नवीन ने कहा, ‘‘इस समारोह में कई विधिवेत्ता और पूर्व न्यायाधीश भी मौजूद हैं। उन्होंने ऐसी टिप्पणियों की अनुचितता पर ध्यान दिया होगा, जो उसी अराजकता की भाषा से निकलती हैं।’’

बिहार के पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाए जाने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि इसका सबसे खराब उदाहरण आपातकाल था, जिसे कांग्रेस सरकार की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लागू किया था और बिहार इसके सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्यों में से एक था।

नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया, जो देश में सरकार के खिलाफ कई आंदोलनों का नेतृत्व करते हुए ‘संविधान खतरे में है’ का नारा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप संविधान की प्रति अपनी जेब में लेकर घूमते रहेंगे। लेकिन मोदी के नेतृत्व में हम संविधान में निहित आदर्शों के अनुरूप काम कर रहे हैं।’’

नवीन ने कहा, ‘‘कांग्रेस आंबेडकर द्वारा संविधान में तय किए गए सभी मानकों पर खरी नहीं उतरी। वहीं, सबसे वंचित वर्गों के कल्याण को सुनिश्चित करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबासाहेब के आदर्शों का पालन किया है।’’

उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संविधान को अपने दिल में रखते हैं।