पांच शादियां करके महिला ने कैसे पतियों को लूटा,जमीन नहीं लिखी तो कर दी एक पति की हत्या

राष्ट्रीय
Spread the love


ललितपुर, 22 दिसम्बर एएनएस। उत्तर प्रदेश के ललितपुर से एक खबर ऐसी सामने आई है। जहाँ एक महिला ने पहले पांच अलग-अलग शादी रचा कर दौलत की खातिर न केवल अपने पांच पतियों को बदल दिया, वल्कि जमीन के एक टुकड़े की खातिर उसमें से एक की हत्या भी कर दी। इतना ही नहीं महिला ने हत्या का आरोप अपने पहले पति पर लगा दिया। पुलिस जांच में सबकुछ साफ हुआ तो महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। 
उत्तर प्रदेश के ललितपुर में 10 नवंबर को थाना जखौरा के ग्राम थानवारा में सूरज अहिरवार की रात में घर के बाहर सोते समय पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। ग्रामीण की हत्या की खबर से पूरे गांव में हड़कंप मचा था। ग्रामीण सूरज की हत्या का आरोप उसके पत्नी ने अपने पहले पति पर लगाया तो सभी चौंक गए। इसके बाद पुलिस और एसओजी ने मिलकर मामले की जांच पड़ताल की तो मामला कुछ और ही निकला। पुलिस भी महिला की कहानी सुनकर हैरान हो गई । जांच पड़ताल में पुलिस को पता चला कि सूरज अहिरवार की पत्नी रामकुंवर की 15 वर्ष पहले ग्राम मैरी के वीर सिंह से पहली शादी हुई थी। वह उसके साथ पांच वर्ष तक मैरी थाना नबाबाद में रही थी। 
जांच पड़ताल में जब महिला दोषी पाई गई तो पुलिस ने आरोपी महिला से सख्ती से पूछताछ की। इस पर महिला ने सबकुछ उगल दिया। महिला ने बताया कि उसकी शादी सूरज अहिरवार से एक साल पहले हुई थी और वह अपने पति से उसकी दो एकड़ जमीन बेटे के नाम करने की जिद पर अड़ी थी। पति ने जमीन देने से मना कर दिया था इसलिए उसने पत्थर से सिर पर हमलाकर पति को मार डाला। हत्या करने के बाद महिला ने पथर को घर के पास मौजूद बाड़े में छिपा दिया था। 
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला बहुत ही शातिर थी। वह उसने दौलत के लिए पांच शादियां की थीं। पहले पति के साथ वह पांच साल रही। इसके बाद चार और शादियां महिला ने कीं। जांच पड़ताल में पता चला कि महिला शादी के बाद कुछ साल रहकर उनसे लूटपाट करती थी। इसके बाद महिला पैसे और जेवरात हाथ लगते ही वह उन्हें लेकर अपने मायके चली जाती थी। इसके बाद दूसरे शिकार के लिए निकल जाती थी। जांच पड़ताल में यह भी पता चला है कि सूरज से शादी के बाद आरोपी महिला पहले पति से भी संपर्क बनाए हुए थी, इसी वजह से उसने पहले पति को फंसाने का प्लान बनाया, लेकिन पुलिस जांच पड़ताल में सब साफ हो गया।