पूर्व भाजपा विधायक पार्टी से निष्कासित, कांग्रेस में कर सकते हैं वापसी

राष्ट्रीय
Spread the love

अगरतला, 30 नवंबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की त्रिपुरा इकाई ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्व विधायक अरुण चंद्र भौमिक को ‘पार्टी विरोधी’ गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।.

यह निष्कासन भौमिक द्वारा यहां कांग्रेस भवन का दौरा करने और त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख आशीष कुमार साहा के साथ बैठक किये जाने के एक दिन बाद हुआ है।.भाजपा के मीडिया प्रभारी सुनीत साकार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अनुशासन का उल्लंघन करने और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के लिए, दक्षिण त्रिपुरा में बेलोनिया निर्वाचन क्षेत्र से हमारे पूर्व विधायक अरुण चंद्र भौमिक को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।’’

अनुभवी वकील भौमिक 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और बेलोनिया सीट से चुनाव जीते थे। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया और तब से वह हाशिए पर हैं।

कभी तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे भौमिक ने अपने निष्कासन के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘इसे घर वापसी कहें… मैं पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल होने जा रहा हूं, जो दिसंबर के मध्य में त्रिपुरा का दौरा करने वाली हैं।’’

प्रदेश भाजपा की गतिविधियों पर निराशा व्यक्त करते हुए भौमिक ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री माणिक साहा से दो बार मिलने की कोशिश की लेकिन असफल रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि त्रिपुरा में भाजपा के पास मौजूदा मुख्यमंत्री की तुलना में कई बेहतर नेता हैं। मुझे नहीं पता कि सक्षम व्यक्तियों को महत्वपूर्ण पद पर मौका क्यों नहीं मिल रहा है।’’

भौमिक ने यह भी दावा किया कि कुछ ही समय में छह से सात भाजपा विधायक पार्टी छोड़ देंगे।