सिलक्यारा सुरंग से बचाए गए झारखंड के 15 श्रमिक देहरादून पहुंचे

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची, 30 नवंबर (ए) उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग से मंगलवार रात बचाए गए झारखंड के 15 श्रमिक बृहस्पतिवार को देहरादून पहुंचे, जहां से उन्हें विमान के जरिए दिल्ली ले जाया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।.

अधिकारी ने कहा कि श्रमिकों को अपने परिवार के सदस्यों के साथ विमान से दिल्ली लाने के बाद फिर हवाई मार्ग से रांची भेजा जाएगा। इन श्रमिकों के परिजन पिछले 10 दिनों से अधिक समय से उत्तरकाशी में डेरा डाले हुए थे। झारखंड सरकार के अधिकारी उत्तराखंड के अपने समकक्षों के लगातार संपर्क में हैं और दिवाली के दिन सुरंग ढहने के तुरंत बाद राज्य की तीन सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची थी।

झारखंड के श्रम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ आज सभी 15 श्रमिक और उनके परिवार के सदस्य ऋषिकेश के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से देहरादून पहुंचे। वहां से उन्हें दिल्ली होते हुए रांची भेजा जाएगा। ’’

अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों को बुधवार को स्वास्थ्य जांच के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया था।

झारखंड के श्रम विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने बुधवार को कहा था कि जैसे ही श्रमिकों को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी, सरकार उन्हें देहरादून से दिल्ली और फिर रांची लाएगी।

सिलक्यारा सुरंग में करीब 17 दिन तक फंसे रहे सभी 41 श्रमिकों को विभिन्न एजेंसियों के संयुक्त बचाव अभियान के तहत मंगलवार शाम को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

चारधाम यात्रा मार्ग पर निर्माणाधीन साढ़े चार किलोमीटर लंबी सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था, जिसके कारण 41 श्रमिक सुरंग में फंस गए थे।