योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अयोध्या में पौधारोपण किया

अयोध्या उत्तर प्रदेश
Spread the love

अयोध्या (उप्र): नौ जुलाई (ए) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बुधवार को यहां सरयू नदी के किनारे त्रिवेणी वाटिका में बरगद, नीम और पीपल के पौधे लगाकर इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित किया।

अयोध्या में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने जलवायु परिवर्तन के खिलाफ इस अभियान की महत्ता पर जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने पहले संकट मोचन हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की जिसके बाद उन्होंने श्री रामलला के दरबार में मत्था टेका, आरती की और दर्शन-पूजन के उपरांत निकलते समय आमजन का अभिवादन भी स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की परिक्रमा कर राम मंदिर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और राम दरबार में भी दर्शन-पूजन किए।

राम मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने उन्हें निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और आगामी योजनाओं से अवगत कराया।

इससे पहले, मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।