देवरिया: छह दिसंबर (ए)
) उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस ने एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी, अभद्रता और हत्या के प्रयास के आरोप में बरहज के पूर्व विधायक सुरेश तिवारी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार महिला का आरोप है कि तीन दिसंबर की शाम करीब पांच बजे राकेश कोहार, अमिता व अनुष्का कोहार, उषा मल्ल और प्रेमलता समेत कई लोग जबरन उसके घर में घुस आए। सभी ने मिलकर मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि राकेश कोहार ने उनकी इज्जत पर हाथ डाला, जिससे उनके कपड़े फट गए। पीड़िता के अनुसार, घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था।
पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उनके पांच वर्षीय बेटे का गला दबाकर मारने की कोशिश की, जिससे बच्चा डरकर चीखने लगा।
महिला ने पुलिस को बताया कि यह पूरा विवाद भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश तिवारी के कहने पर किया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना का वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद है।हालांकि अभी मामले में पूर्व विधायक तिवारी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, राकेश कोहार पुत्र स्व. महंत कोहार, अमिता कोहार, अनुष्का कोहार, उषा मल्ल पत्नी मुक्तार मल्ल और प्रेमलता पत्नी वकील मल्ल के विरुद्ध छेड़खानी, मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया कि मामला गंभीर है और जांच शुरू कर दी गई है। आवश्यक कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।