महिला से दुष्कर्म करने और धर्मांतरण का प्रयास करने के आरोप में तीन के खिलाफ मामला दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

गुरुग्राम: एक अप्रैल (ए)) हरियाणा के नूंह जिले में 30 वर्षीय एक नर्स से कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया, उसे ब्लैकमेल किया गया और शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव डाला गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता महिला दिल्ली में काम करती है और पिछले साल से नूंह जिले में रह रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान साहिल के रूप में हुई है। महिला की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शादी करने का वादा करते हुए पिछले साल सितंबर से मार्च के बीच उसे रिश्ते में फंसाया।

महिला ने साहिल पर मारपीट करने, पैसे वसूलने और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया। आरोप है कि उसने महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव भी डाला।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को नूंह शहर के थाने में आरोपी, उसके पिता और भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, ये सभी पलवल जिले के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं और हरियाणा गैरकानूनी धार्मिक धर्मांतरण निषेध अधिनियम, 2022 को शामिल किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’