अलीगढ़ (उप्र): 26 मई (ए)
) अलीगढ़ जिले में 600 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक आटो रिक्शा चालक की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) आदित्य बंसल ने मंगलवार को बताया कि यह घटना सोमवार देर रात बन्नादेवी थाना क्षेत्र के तहत सरसोल पुलिस चौकी के पास हुई।उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान ऑटो रिक्शा चलाने वाले यामीन नामक व्यक्ति के रूप में हुई है।बंसल ने बताया कि यामीन अपना इलाज करने के लिए अस्पताल जा रहा था और उसने अपने पड़ोसी अनीस से उधार दिए गए 600 रुपये वापस मांगे थे।
उन्होंने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई, जिसके बाद अनीस और उसके दो अन्य साथियों ने कथित तौर पर यामीन और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान यामीन के सिर पर भी चोट लगी थी।
उन्होंने बताया कि यामीन की पत्नी सलमा और उसका भाई बाद में शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे लेकिन इसी दौरान यामीन बेहोश होकर गिर पड़ा।
बंसल ने बताया कि यामीन को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अनीस, और उसके साथियों मोनिस और नफीस के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है।