लॉरी और एमयूवी की टक्कर में सात लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

येल्लापुर (कर्नाटक): नौ जुलाई (ए)) कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में बुधवार देर रात एक एमयूवी (बहुउद्देशीय वाहन) और लॉरी की आमने-सामने की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई जबकिदो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा देर रात करीब डेढ़ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर येल्लापुर पुलिस थाने की सीमा में अराबेल घाट खंड के बालगारा क्रॉस के पास हुआ जिसमें सात लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें हुबली के कर्नाटक आयुर्विज्ञान संस्थान (किम्स) अस्पताल रेफर किया गया जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, एमयूवी में चालक सहित नौ लोग सवार थे जो धारवाड़ से धर्मस्थला और चिकमगलूरु घूमने जा रहे थे। शुरुआती जानकारी से पता चला है कि वाहन चालक एक खाद्य आपूर्ति मंच के साथ अंशकालिक डिलीवरी कर्मचारी के रूप में काम करता था।

पुलिस ने बताया कि चालक संजीव वाहन को कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था तथा इसी बीच वाहन सड़क के बिल्कुल दाहिने हिस्से की ओर चला गया और अंकोला की ओर से आ रही लॉरी से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बहुउद्देशीय वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

येल्लापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जा गया।

हादसे में घायल हुए शिवराज नाम के व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281 (सार्वजनिक मार्ग पर तेज या लापरवाही से वाहन चलाना), 125(2) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य-गंभीर चोट) और 106(1) (लापरवाही की वजह से मृत्यु का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया है।