सीजेपी ने पुनः किया ऐलान,दिल्ली में जंतर-मंतर सीजन-दो जल्द’

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली,12 अगस्त (ए)। सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने एक बार फिर‘जंतर-मंतर’ को लेकर भी बड़ा संकेत दिया और कहा कि कई लोग इंस्टाग्राम पर पूछ रहे थे कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन-2 कब शुरू होगा। दीपके ने कहा कि वह ऐसे लोगों को बताना चाहते हैं कि ‘जंतर-मंतर’ का सीजन-2 बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है। इस बयान से साफ है कि सीजेपी आने वाले दिनों में अपनी गतिविधियां फिर तेज करने की तैयारी में है। दीपके ने कहा कि सीजेपी को आज दिल्ली में अपने कार्यकर्ताओं की बैठक करनी थी। इसके लिए पार्टी काफी समय से हॉल की तलाश कर रही थी। उनका दावा है कि कई जगहों पर हॉल देने से इनकार कर दिया गया। हॉल मालिकों ने कथित तौर पर कहा कि उन पर ऊपर से दबाव है।अभिजीत दीपके ने कहा कि काफी मुश्किलों के बाद सीजेपी ने एक हॉल बुक किया था। उनके पास इसकी रसीद भी है। लेकिन बैठक से पहले ही हॉल के मालिकों को कथित तौर पर धमकी मिली। दीपके ने दावा किया कि मालिकों से कहा गया कि अगर सीजेपी की बैठक यहां होने दी गई तो उन्हें ‘उल्टा लटका दिया जाएगा’। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा की ओर से किया जा रहा है। दीपके ने कहा कि भाजपा के नेताओं के काम और बयान यह दिखाते हैं कि वे देश के युवाओं से डर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को लगता है कि इस तरह की छोटी हरकतों से सीजेपी के कार्यकर्ता डर जाएंगे, तो यह गलतफहमी है।