नागरकोइल (तमिलनाडु): 26 सितंबर (ए) सोशल मीडिया पर अपने परिवार की संपत्ति का उल्लेख करने का एक महिला ‘कंटेंट क्रिएटर’ का फैसला उस समय विनाशकारी साबित हुआ जब चोरों ने उसके घर में घुसकर सोने के आभूषण चोरी कर लिये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह चोरी यूट्यूबर द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो के बाद हुई, जिसमें से एक वीडियो में वह अपने बच्चे पर 500 रुपये के नोटों की बारिश करती और हर महीने सोना खरीदने की शेखी बघारते नजर आ रही थी। पुलिस को संदेह है कि चोरों ने इस घटना को अंजाम देने की योजना बनाने के लिए उसके चैनल और सोशल मीडिया गतिविधियों की बारीकी से निगरानी की थी।
नागरकोइल निवासी पीड़िता की पहचान मधुमिता के रूप में हुई है, जो एक यूट्यूब चैनल चलाती है और नियमित रूप से रील तथा लाइफस्टाइल वीडियो अपलोड करती है।
तिरुनेलवेली की एक छोटी सी यात्रा के बाद घर लौटने पर, मधुमिता और उसके परिवार को पता चला कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे लगभग 118 सॉवरेन वजन के आभूषण गायब हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और सबूत जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों तथा फोरेंसिक टीम को तैनात किया गया है।
