श्रीनगर/जम्मू: सात अक्टूबर (ए) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 42 आईएएस अधिकारियों समेत 49 अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति के आदेश दिए। इनमें जम्मू के मंडलायुक्त और आठ जिलों के उपायुक्त भी हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के आदेश के अनुसार, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी विकास कुंडल को रमेश कुमार की जगह जम्मू का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। कुंडल जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष पद से स्थानांतरित हुए हैं और उन्हें जम्मू महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। रमेश कुमार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वह नयी दिल्ली में जम्मू-कश्मीर सरकार के स्थानिक आयुक्त बने रहेंगे और संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
जिला स्तर पर राकेश मिन्हास की जगह मिंगा शेरपा को जम्मू का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। देवांश यादव को राजौरी, अभिषेक शर्मा को कुपवाड़ा, जतिन किशोर को बडगाम, श्रेया सिंघल को गांदरबल, रूपेश कुमार को सांबा, अनंत द्विवेदी को उधमपुर और कुलदीप कृष्ण सिधा को पुलवामा का उपायुक्त बनाया गया है। चरनदीप सिंह को शोपियां का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। आदेश के अनुसार, बडगाम के उपायुक्त अथर आमिर उल शफी खान को जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि बशारत कयूम को श्रीनगर नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। आयुषी सूदन को जम्मू नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है।
वरिष्ठ स्तर पर शालीन काबरा को राजस्व विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आशीष चंद्र वर्मा को कृषि उत्पादन विभाग का वित्तीय आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) नियुक्त किया गया है और सौगत बिस्वास को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का आयुक्त सचिव बनाया गया है। राहुल यादव को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रशासनिक सचिव और ओवैस अहमद को योजना, विकास एवं निगरानी विभाग का प्रशासनिक सचिव नियुक्त किया गया है। आर. एलिस वाज को परिवहन विभाग का आयुक्त सचिव बनाया गया है।
राजोरी के उपायुक्त अभिषेक शर्मा का तबादला कर उन्हें कुपवाड़ा का नया डीसी बनाया गया है। वहीं, डॉ. देवांश यादव को राजोरी का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। कुपवाड़ा के डीसी श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) का चेयरमैन बनाया गया है।सांबा की उपायुक्त आयुषि सूदन को जम्मू नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह डॉ. रुपेश कुमार को सांबा का नया उपायुक्त बनाया गया है। आयुषि सूदन और जम्मू के नए डीसी मिंगा शेरपा पति-पत्नी हैं।
बडगाम के डीसी अथर आमिर उल शफी खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गांदरबल के डीसी जतिन किशोर को बडगाम का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि श्रेया सिंघल गांदरबल की नई डीसी होंगी।
पुलवामा में कुलदीप कृष्ण सिद्धा को नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, पुलवामा के मौजूदा डीसी बशारत कयूम को श्रीनगर नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है।प्रशासनिक फेरबदल के तहत ममता यादव को निदेशक सूचना नियुक्त किया गया है। वहीं, विद्यु शेखर को जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इस बड़े फेरबदल के जरिए प्रशासन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। जिलों के उपायुक्तों से लेकर संभागीय स्तर और प्रमुख विभागों तक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।राकेश मिन्हास को राज्य स्वास्थ्य एजेंसी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड का अध्यक्ष, आकृति सागर को जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक और अतहर आमिर खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
