कॉजपा के प्रदर्शन से पहले पुलिसकर्मियों को संयम के साथ भीड़ को नियंत्रित करने का निर्देश

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: नौ अक्टूबर (ए) राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने शुक्रवार को पुलिसकर्मियों से संयम के साथ भीड़ को नियंत्रित करने को कहा।

मध्य रेंज के पुलिस संयुक्त आयुक्त वर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तूफान के लिए तैयार रहें। संयम का अभ्यास करें। शांति की रक्षा करें, क्योंकि पुलिस की असली ताकत केवल भीड़ को नियंत्रित करने में नहीं है, बल्कि अनुशासन, गरिमा और न्यूनतम बल के साथ ऐसा करने में है।’’

यह अपील कॉजपा द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच आई है।

गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर के बीच तैनाती के लिए दिल्ली पुलिस को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के लगभग 23,000 जवान उपलब्ध कराए हैं।

यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के संबंध में बढ़ते प्रदर्शनों के बीच हो रहा है।

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस को अनुमति मांगने वाला आवेदन सात अक्टूबर को मिला, जो निर्धारित विरोध प्रदर्शन से महज तीन दिन पहले दिया गया, जबकि नियमों के अनुसार आवेदन कम से कम 10 दिन पहले जमा करना आवश्यक है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र की अतिरिक्त तैनाती से केंद्रीय बलों के जवानों की संख्या 25,000 से अधिक हो जाएगी।

अन्य एहतियाती उपायों के तहत दिल्ली सरकार ने मौजूदा स्थिति और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता का हवाला देते हुए 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया है।

आबकारी विभाग के आदेश में कहा गया है कि यह बंदी दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर की गई है।

पुलिस ने ‘‘संवेदनशील स्थानों की ओर अनियंत्रित भीड़ की आवाजाही’’ की संभावना का हवाला देते हुए 57 मेट्रो स्टेशन बंद करने और रेलगाड़ियों के फेरे कम करने की भी सिफारिश की है।

अधिकारियों ने बताया कि बहुस्तरीय बैरिकेडिंग व्यवस्था की जाएगी, जबकि नियंत्रण कक्षों से सीसीटीवी कैमरों के जरिए स्थिति पर नजर रखी जाएगी। पूरी राजधानी में चेहरे की पहचान करने वाले (फेस रिकग्निशन) कैमरे भी लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने राजधानी में प्रवेश पर नजर रखने के लिए गाजीपुर, चिल्ला, टिकरी, सिंघू, गुरुग्राम, कापसहेड़ा, लोनी और बदरपुर सहित शहर की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ा दी है।