महराजगंज: एक मई (ए)
) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक शव वाहन को पेट्रोल पंप पर करीब दो घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद डीजल नहीं मिल पाया। इस घटना का अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के सिधावे गांव निवासी सर्वेश कसौधन का बुधवार को निधन हो गया था। परिजन उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए एक पिकअप वाहन से ले जा रहे थे।
रास्ते में वाहन का ईंधन समाप्त हो गया, जिसके बाद उसे निचलौल-चिउटाहां मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर ले जाया गया। चालक ने लगभग दो घंटे तक लाइन में इंतजार किया, लेकिन उसे डीजल नहीं मिल सका। पंप कर्मचारियों ने तेल खत्म होने का हवाला देते हुए पंप बंद कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक इस दौरान शव वाहन में ही रखा रहा। घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने कहा कि स्थिति यह हो गई है कि “अब मृतकों को भी लाइन में लगना पड़ रहा है।”
इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
इस संबंध में निचलौल के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिद्धार्थ गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
वहीं, आपूर्ति निरीक्षक इंद्रभान ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि आपात स्थिति में प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए।