अखिलेश यादव का हमला, भाजपा को लोकतंत्र का सीरियल किलर बताया

उत्तर प्रदेश कन्नौज
Spread the love


कन्नौज, 06 अप्रैल (ए)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बड़ा हमला किया है। सपा अध्यक्ष ने पंचायत और विधान परिषद चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजपा को लोकतंत्र का सीरियल किलर बताया। उन्होंने महंगाई को लेकर भी निशाना साधा तो बीजेपी की नई टोपी पर चुटकी भी ली है।
अखिलेश यादव ने कन्नौज में कहा, ”बीजेपी लोकतंत्र की सीरियल किलर है। लोकतंत्र में वोट कैसे लूटा जाता है भाजपा उसकी एक्सपर्ट पार्टी बन गई है। कन्नौज में कई साथी पर्चा नहीं भर पाए थे। एटा में पुलिस कप्तान और डीएम ने मिलकर पर्चा नहीं भरने दिया। फर्रुखाबाद के साथियों के साथ भी यही हुआ।” उन्होंने कहा कि बीजेपी से फेयर चुनाव की उम्मीद करना अपने आपको धोखा देना होगा। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार बनी है तब से बैंकों का लगातार ब्याज कम हो रहा है। कानपुर में लॉकर से गहनों की लूट हो रही है।
पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सपा अध्यक्ष ने कहा था कि उन्होंने जो कहा था वही हो रहा है। उन्होंने कहा, ”मैंने कहा था कि पेॉट्रोल डीजल के दाम बढ़ जाएंगे, चुनाव बाद वही हुआ। महंगाई की मार के साथ साथ बेरोजगारी की भी मार पड़ रही है। लोग आत्महत्या कर रहे हैं।” अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में पत्रकार भी सुरक्षित नहीं हैं। सच्ची खबर चलाएंगे तो ये आपको भी जेल में डाल देंगे। बलिया में यूपी बोर्ड पेपर लीक का खुलासा करने वाले पत्रकार  को गिरफ्तार कर लिया । बच्चे रो रहे हैं, मां रो रही है। उनको नही पता था कि बेटा घर नही लौटेगा। यह बहुत निंदनीय व्यवहार हो रहा है।