मंगलुरु (कर्नाटक): 30 सितंबर (ए) मंगलुरु के जोकाट्टे के पास स्थित ‘मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड’ (एमआरपीएल) परिसर से बुधवार को विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनाई देने के बाद घना धुआं उठने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने यह जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि ‘भूकंप जैसे झटके’ महसूस होने से उनके मकान हिल गए। लोगों ने बताया कि आवाज सुनकर आसपास के इलाकों के लोग चिंतित हो गए क्योंकि दूर से ही घना धुआं नजर आ रहा था।
यह घटना जोकाट्टे क्षेत्र में हुई जहां इस रिफाइनरी का तीसरा संयंत्र स्थित है। संयंत्र से आग की लपटें और घना धुआं उठता देखा गया।
हालांकि, एमआरपीएल की तरफ से इस घटना के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
आसपास के इलाकों- बाजपे, कलावरु, बैकमपाडी, जोकाट्टे, सुरतकल और कटिपल्ला में लोगों ने झटके महसूस किए जिसके प्रभाव से मकानों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए।
जोकाट्टे ग्राम पंचायत क्षेत्र के लोगों के मकान हिलने से वे घबराहट में घरों से बाहर निकल गए।
कुछ मकानों में दरारें पड़ने की सूचना है। ‘डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया’(डीवाईएफआई) के नेता मुनीर कटिपल्ला के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोग पंचायत भवन के पास एकत्रित हो गए।
दमकल की गाड़ियां मंगलुरु, पांडेश्वर और आसपास के क्षेत्रों से घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं।