आगर मालवा (मप्र)/भुवनेश्वर: 19 सितंबर (ए) मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के एक कार के नाले में गिर जाने से ओडिशा के एक परिवार के सात सदस्यों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आठवां मृतक मध्यप्रदेश का रहने वाला कार चालक था। उन्होंने बताया कि ओडिशा से आए श्रद्धालुओं की कार बारिश के पानी से उफन रहे नाले में गिर गई, जिससे कार सवार तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत सभी लोगों की मौत हो गई। भुवनेश्वर में अधिकारियों ने मृतकों की पहचान सिबाप्रसाद बेहेरा (43), रोजालिन बेहेरा (34), रितारानी बेहेरा (36), ज्ञानेंद्र बेहेरा (40), साई स्वर्ण प्रभा बेहेरा (6), कृष्ण राजबीर (13) और साई स्वास्तिक बेहेरा (10) के रूप में की है। चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सड़क हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मध्यप्रदेश के आगर मालवा में हुआ हादसा बेहद पीड़ादायक है। मैं प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ नयी दिल्ली से लौटने के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि ओडिशा सरकार के अधिकारी मध्यप्रदेश के अधिकारियों के संपर्क में हैं और पर्यटकों के शवों को वापस लाने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।
