घी के फर्जी कारखाने का भंडाफोड़, इंजन ऑयल से बनाते थे उत्पाद

राष्ट्रीय
Spread the love

बेरहामपुर, नौ नवंबर (ए) ओडिशा के गंजम जिले में बृहस्पतिवार को फर्जी घी बनाने वाले कारखाने का भंडाफोड़ होने के बाद 53 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।.

उन्होंने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार सामने आया कि बेरहामपुर शहर के बड़ा बाजार इलाके में एक घर में निर्माण इकाई का संचालन हो रहा था।.

पुलिस ने बताया कि यह इकाई पिछले दो वर्षों से चल रही थी। इकाई का संचालन करने में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति एपारी राजेश्वर पात्रा को पिछले वर्ष गुटखा निर्माण इकाई का संचालन के आरोप में भी गिरफ्तार किया गया था। आरोपी जमानत पर बाहर था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में कई और लोगों के शामिल होने का संदेह है।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में 10,000 से अधिक खाली पाउच, घी को पैक करने की तीन स्वचालित मशीनें, एक नामचीन घी कंपनी के लेबल, राइस-ब्रान तेल के 91 कनस्तर, 1500 डब्बे और पैक तथा पीसने की मशीनों को जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्रवण विवेक एम. ने बताया कि घी बनाने में इंजन ऑयल, निम्न श्रेणी का पाम तेल और खतरनाक रसायनों का उपयोग किया गया था।

उन्होंने बताया कि घी के पैकेटों को न केवल ओडिशा बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी बेचा जाता था।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, जब्त की गई सामग्री को जांच के लिए भेजा गया है और अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान चल रहा है।