पूर्व विधान सभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर का निधन,अखिलेश ने जताया शोक

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ-आजमगढ़,18 अक्टूबर (ए)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और दीदारगंज क्षेत्र से विधायक सुखदेव राजभर का सोमवार को निधन हो गया। उन्हें सीने में परेशानी के बाद लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां सोमवार की रात साढ़े आठ बजे उनका निधन हो गया। उनके निधन पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दुख जताया है। 
अखिलेश ने कहा कि अत्यंत दु:खद! यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ राजनेता श्री सुखदेव राजभर जी का निधन अपूरणीय क्षति। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना, दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान! ‘सामाजिक न्याय’ को समर्पित आप का राजनीतिक जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा। विनम्र श्रद्धांजलि!
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के निधन से ना केवल पार्टी को झटका लगा है । बल्कि पिछड़ों ने भी एक अच्छा नेता खो दिया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। लालगंज के बसपा बिधायक एवं सुखदेव के करीबियों में से एक आजाद अरिमर्दन, पूर्व ब्लाक प्रमुख मास्टर अलीम ने गहरा दुख प्रकट किया है। 
सुखदेव लालगंज क्षेत्र से चार बार विधायक रहे। सुखदेव राजभर ने अपना पहला चुनाव साल 1991के विधान सभा चुनाव में भाजपा के नरेन्द्र सिंह को 24 मतों से पराजित कर जीता और विधायक बने थे। 1993 में सपा-बसपा गठबंधन की सरकार में मंत्री बने। 1996 के चुनाव में भाजपा के नरेन्द्र सिंह से पराजित हुए। पराजित होने के बाद विधान परिषद सदस्य चुन लिए गए।
2002 के चुनाव और 2007के चुनाव में फिर से जीते थे। लालगंज विधान सभा सुरक्षित हो जाने पर 2012 में दीदारगंज विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और सपा के आदिल शेख से चुनाव हार गए। 2017 में पुनः दीदारगंज से चुनाव लड़े और जीत हासिल की।