उप्र: बारिश से तापमान में गिरावट, पांच से सात डिग्री तक लुढ़का पारा

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: तीन मई (ए)) उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश, गरज के साथ छींटे और तेज हवाएं चलीं, जिससे कई इलाकों में पारा औसत से पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग ने बताया कि मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

विभाग के मुताबिक, मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर पांच सेंटीमीटर तक बारिश हुई जबकि पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम और पश्चिमी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई।

रविवार को प्रदेशभर में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा।

विभाग ने बताया कि कई इलाकों में पारा औसत से पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और राज्य में कहीं भी लू की स्थिति नहीं रही।

विभाग के मुताबिक, रात का तापमान भी अधिकांश जगहों पर सामान्य से एक से दो डिग्री नीचे रहा और कुछ स्थानों पर पांच से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

बाराबंकी की फतेहपुर तहसील में 48 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, इसके बाद सुलतानपुर में 35.3 मिमी, गोंडा के मनकापुर में 31.5 मिमी और बाराबंकी के राम सनेही घाट में 30 मिमी बारिश हुई।

इस दौरान लखनऊ में 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने प्रदेश में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।