भागलपुर: 24 फरवरी (ए
) बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नवगछिया की पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना झंडापुर थाना क्षेत्र के बागड़ी पुल के पास हुई, जहां एक निजी बस, मैजिक वाहन और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब दस लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को बेहतर उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भागलपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है।