यूपी में एक लाख का इनामी गैंगेस्टर विनोद उपाध्याय पुलिस मुठभेड़ में ढेर

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ – सुल्तानपुर, पांच जनवरी (ए)। यूपी एसटीफ ने गोरखपुर के कुख्यात माफिया विनोद उपाध्याय को बीती रात मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार की रात सुल्तानपुर में एसटीएफ और माफिया विनोद के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। विनोद उपाध्याय के ऊपर गोरखपुर पुलिस ने एक लाख रुपये इनाम की घोषणा की थी। पुलिस को उसकी जमीन कब्जाने, हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में तलाश थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विनोद उपाध्याय पुत्र रामकुमार उपाध्याय मूल रूप से मयाबाजार थाना महाराजगंज, अयोध्या का रहने वाला था। अपराध की दुनिया में उत्तर प्रदेश के टॉप 61 माफिया की सूची में शामिल माफिया विनोद कुमार उपाध्याय पर एडीजी जोन गोरखपुर ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गुरुवार की रात बदमाश विनोद उपाध्याय और एसटीएफ के मध्य सुल्तानपुर के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई।जिसमें विनोद उपाध्याय गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

गोरखपुर के गुलरिहा थानाक्षेत्र में मुगलहा में वह सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान बना कर रहता था, विनोद उपाध्याय पर 35 मुकदमे दर्ज रहे हैं।

गोरखपुर के एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने माफिया विनोद उपाध्याय और उसके भाई संजय उपाध्याय पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था. विनोद पर इनाम की राशि बाद में 50 हजार फिर एडीजी ने 1 लाख रुपए कर दी थी. 

गोरखपुर में माफिया विनोद उपाध्याय और उसके गुर्गों का आतंक सिर चढ़कर बोलता था, उसने सरकारी जमीनों के साथ लोगों को डरा-धमका कर उनकी जमीन हड़प लेता रहा है

बीते साल के अंत में पुलिस ने गैंगस्टर विनोद और भाई संजय के गुलरिहा के मुगलहा के सरकारी जमीन कब्जा कर बनवाए गए आलीशान मकान बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया था