सुलतानपुर (उप्र): 19 सितंबर (ए) आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह और 11 अन्य के खिलाफ 2021 के आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में शनिवार को होने वाली सुनवाई वकीलों के कार्य बहिष्कार के कारण टल गयी।
सांसद के अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह मदन ने बताया कि सांसद-विधायक की विशेष अदालत के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने बचाव पक्ष के साक्ष्य दर्ज करने के लिए 25 सितंबर की तिथि तय की है।सिंह पर 13 अप्रैल 2021 को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकला थाने के हसनपुर गांव में बिना अनुमति सभा करके आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है।
बंधुआकला थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने सांसद संजय सिंह समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
इस बीच, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं कवि कुमार विश्वास के खिलाफ विचाराधीन मुकदमे में शनिवार को सुनवाई नहीं हुई। उच्चतम न्यायालय ने मुकदमे की कार्यवाही पर रोक लगा रखी है।
एमपी-एमएलए अदालत के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने मामले में सुनवाई के लिए 17 अक्टूबर की तिथि तय की है।
ज्ञातव्य है कि वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में अमेठी के तत्कालीन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कवि कुमार विश्वास के समर्थन में 20 अप्रैल 2014 को अरविंद केजरीवाल ने रोड शो निकाला था।
पुलिस ने आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी।
