जौनपुर में डीजे रथ की चपेट में आने से रोड लाइट और छतरी लेकर चल रहे दो मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश जौनपुर
Spread the love

जौनपुर (उप्र) 21 नवंबर (ए) जौनपुर जिले में बक्शा थानाक्षेत्र के एक गांव में बारात में द्वारचार के दौरान ‘डीजे’ रथ की चपेट में आने से रोड लाइट और छतरी लेकर चल रहे दो मजदूरों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह हादसा बख्शा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर मड़ैया गांव में शुक्रवार की रात हुआ।अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि दोनों मृत मजदूरों की पहचान पड़ोसी गांव गोरियापुर निवासी मुसाफिर (65) और शिवाकांत गौतम (55) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि मोहम्मदपुर मड़ैया गांव में राम अवध यादव की बेटी की शादी थी और दूल्हा रथ पर बैठकर जा रहा था।

चंद्रशेखर के अनुसार नौपेड़वा बाजार के उत्तर राष्ट्रीय राज्यमार्ग से नीचे ‘डीजे’ रथ उतरते समय ढलान पर था, तभी उसका चालक ब्रेक की जगह ‘एक्सीलेटर’ पर पैर रख दिया।

उन्होंने बताया कि रथ की चपेट में आने से उसके आगे-आगे छतरी एवं रोड लाइट लेकर चल रहे दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गयी।

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों मजदूरों को नौपेड़वा सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने भी दोनों को मृत घोषित कर दिया।

उधर घटना के बाद मौके से रथ चालक फरार हो गया।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

शिवाकांत के बेटे मंदीप कुमार की तहरीर पर आरोपी अज्ञात रथचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मौके से रथ को कब्जे में ले लिया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि ‘डीजे’ रथ के पंजीकरण और फरार चालक के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है।