मध्य यूक्रेन में जेलेंस्की के गृहनगर पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत, कई अन्य घायल

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

कीव: 21 नवंबर (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में किये गए रूस के हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य घायल हो गए।

मध्य यूक्रेन के एक शहर में शुक्रवार रात हुए हमले में सात साल के एक लड़के और 20 साल की एक महिला की मौत हो गई। शहर प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कुल ने टेलीग्राम पर यह जानकारी दी।क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र विल्कल ने बताया कि इस हमले में 60 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस हमले के कारण चार जगहों पर आग लग गई और लगभग 25 इमारतों, एक अस्पताल, स्कूलों, औद्योगिक इकाइयों, साथ ही कई व्यवसायों और वाहनों को नुकसान पहुंचा।

यह हमला यूक्रेन के उन हमलों के जवाब में मॉस्को की ओर से की गई कड़ी जवाबी कार्रवाई के पैटर्न से मेल खाता है, जैसा कि रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले केर्च ब्रिज पर किया गया हालिया हमला था।

सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में जब जेलेंस्की से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पुतिन को ‘‘हत्यारा’’ बताया।

जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा, ‘‘हमारे लिए, वह एक दुश्मन हैं। और जाहिर है, हमारे लिए वह एक हत्यारे हैं।’’

यूक्रेन की सरकारी आपात सेवा ने शनिवार को बताया कि देश के खार्किव इलाके में पांच मंजिला इमारत पर रूसी ड्रोन के हमले में 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। राजधानी कीव में भी रूसी हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है।

रूस में, स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ब्रियांस्क और बेलगोरोद सीमावर्ती क्षेत्रों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों में तीन लोग घायल हुए हैं।