न्यायमूर्ति प्रितिंकर दिवाकर होंगे इलाहाबाद उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश

उत्तर प्रदेश प्रयागराज
Spread the love

प्रयागराज, 10 फरवरी (ए) इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश प्रितिंकर दिवाकर इस न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश होंगे।.

इस उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल को उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश बनाए जाने के बाद न्यायमूर्ति दिवाकर को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।.

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को न्यायमूर्ति प्रितिंकर दिवाकर की इलाहाबाद उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति की अधिसूचना जारी की।

अधिसूचना में कहा गया है, “भारत के संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत प्रदत्त अधिकार का उपयोग करते हुए राष्ट्रपति को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायमूर्ति प्रितिंकर दिवाकर को इस उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करते हुए प्रसन्नता है।”

अधिसूचना के मुताबिक, “न्यायमूर्ति राजेश बिंदल जिस तिथि को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद छोड़ेंगे, उसी तिथि से न्यायमूर्ति प्रितिंकर दिवाकर मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।”

शुक्रवार को न्यायमूर्ति राजेश बिंदल का विदाई समारोह इलाहाबाद उच्च न्यायालय में आयोजित किया गया।