प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर खुद को भी गोली मारी, कार में मिले शव

राष्ट्रीय
Spread the love

नोएडा,14 फरवरी (ए)। नोएडा के सेक्टर 107 में शनिवार दोपहर बाद, एक कार के अंदर प्रेमी जोड़े के शव मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की और फिर खुद भी अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। राहगीरों ने सेक्टर 107 में एक कार खड़ी देखी, जिसमें दो लोगों के शव थे। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कार से बाहर निकाला।पुलिस के अनुसार, मृतक युवक त्रिलोकपुरी, दिल्ली का रहने वाला सुमित है, और युवती की पहचान रेखा के रूप में हुई है। कार से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या और आत्महत्या इसी हथियार से की गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। कोतवाली सेक्टर‑39 पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एक प्रेम प्रसंग का लग रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि किसी अनबन या विवाद के चलते सुमित ने पहले रेखा की गोली मारकर हत्या की और फिर खुद को भी गोली मार ली।